एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को कहा कि कि सभी आरोपी न्यू टाउन इलाक के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित फ्लैट में छिपे हुए थे। पांच में से चार आरोपी सीधे तौर पर चंदन मिश्रा की हत्या में शामिल थे। जबकि पांचवां आरोपी हत्या की साजिश में शामिल था या सिर्फ शूटरों को छिपाने में मदद कर रहा था, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
यह भी पढ़ें- चंदन को 20 से ज्यादा गोलियों से छलनी किया, शेरू ने तौसीफ को दी थी सुपारी?
फोन की लोकेशन से पकड़े गए
उन्होंने बताया कि आरोपियों को मोबाइल फोन टावर की लोकेशन के आधार पर ट्रैक किया गया। इसके बाद उनके ठिकाने का पुलिस को पता चला। बिहार पुलिस पांचों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश करके ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। अदालत से रिमांड मिलने के बाद सभी को पटना लाया जाएगा। तब तक वहीं पर उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मर्डर के बाद मस्ती… सरेआम पिस्टल लहराते भागे थे चंदन के हत्यारे, फोटो वायरल
बता दें कि पटना के पारस अस्पताल में गुरुवार सुबह 5 अपराधियों ने गोलियों से भूनकर गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या कर दी थी। मर्डर केस में सजायाफ्ता चंदन पैरोल पर जेल से बाहर आया था और पारस अस्पताल में अपना इलाज करवा रहा था। बदमाशों ने उसे दो दर्जन गोलियां मारीं। सभी शूटरों की तस्वीर अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में हथियार के साथ कैद हुई थी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम सामने नहीं आए
शुरुआती जांच में सामने आया कि फुलवारीशरीफ के रहने वाले बदमाश तौसीफ बादशाह और उसके साथियों ने मिलकर इस शूटआउट को अंजाम दिया। पुलिस ने शूटरों की पहचान कर ली। सभी को पकड़ने के लिए कई जिलों में छापेमारी की गई। इसके बाद उनके पश्चिम बंगाल भागने की सूचना मिली। फिर एक टीम को तुरंत कोलकाता भेजा गया। यहां शुक्रवार को कई जगहों पर छापा मारा और 5 आरोपी पकड़ाए गए।
यह भी पढ़ें- पटना शूटआउट: बक्सर में कभी चंदन मिश्रा का था आतंक, शेरू के साथ किए थे कई मर्डर
गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार पता चला है कि चंदन के पूर्व साथी शेरू सिंह ने ही तौसीफ के जरिए उसे मरवाया। शेरू और चंदन ने मिलकर बक्सर में कई मर्डर किए थे। शेरू सिंह फिलहाल पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद है। एसटीएफ ने उससे भी पूछताछ की है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)