• Fri, Jun 2025

यूपी में बन रहा 6 लेन का Link Expressway, इन जिलों से होकर गुजरेगा; सफर होगा अब और आसान

यूपी में बन रहा 6 लेन का Link Expressway, इन जिलों से होकर गुजरेगा; सफर होगा अब और आसान

जागरण संवाददाता, कन्नौज। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेसवे जिले के दो गांव से गुजरेगा। यूपीडा ने किसानों की भूमि अधिग्रहित करने के लिए सीमांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। खेतों से फसलों की कटाई होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

इटावा के कुदरैल ताखा से 92 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे तक जोड़ा जाएगा। यह जिले के सौरिख से होते हुए मैनपुरी और फर्रुखाबाद से गुजरेगा। जिले की सीमा में करीब पांच किलोमीटर के दायरे में सौरिख के बिजनौरा और लोहटिकुरिया गांव से निकलेगा।

छह लेन का यह एक्सप्रेसवे 120 मीटर चौड़ा होगा। यूपीडा करीब 6,600 करोड़ की लागत से इसे तैयार करेगा। यूपीडा ने सर्वे पर पोल लगाकर सीमांकन का काम पूरा कर लिया है। भूमि अधिग्रहित वाले किसानों को फसल न करने की चेतावनी जारी की गई है।
मक्का की फसल की कटाई होते ही निर्माण कार्य शुरू किया कराया जाएगा। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि जल्द लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण शुरू होगा। लिंक एक्सप्रेसवे के बनने से बुंदेलखंड, इटावा, हरदोई, उत्तराखंड समेत कई शहरों में जाने के लिए सफर सुहाना होगा। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।

भूमि अधिग्रहण का किसानों ने शुरू किया विरोध
लिंक एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का किसानों ने विरोध शुरू कर दिया है। डडौना ग्राम पंचायत प्रधान विमला देवी ने बताया कि इटावा जिले में एक बीघा भूमि अधिग्रहण का ढाई लाख का मुआवजा दिया जा रहा है।

वहीं बिजनौरा और लोहटिकुरिया के किसानों को एक बीघा जमीन का सिर्फ 85 हजार मुआवजा दिया जा रहा है। इससे जिले के किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। वहीं किसान सुरेंद्र सिंह ने डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को ज्ञापन देते हुए संतोषजनक मुआवजा दिलाने की मांग की है।