इनमें 11,188 पुरुष, 4,936 महिलाएं, 218 बच्चे, 74 साधु, सात महिला साधु, 463 सुरक्षाबल के जवान शामिल थे। इसके साथ ही अब तक दर्शन करने वालों की संख्या 3,03984 पहुंच गई है। वहीं, जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर से सुबह 4,388 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ।
रवाना हुए जत्थे में बालटाल मार्ग से 1573, पहलगाम से 2815 श्रद्धालु शामिल थे। तीन जुलाई से शुरु हुई यात्रा इस बार 38 दिन की है। आधी अवधि में ही यात्रा तीन लाख की संख्या पार कर गई है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस तरह से श्रद्धालुओं का उत्साह बताता है कि श्रद्धालुओं की बाबा बर्फानी के प्रति आस्था आतंकवाद पर भारी है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि बाबा अमरनाथ जी की कृपा से पवित्र तीर्थ यात्रा तीन लाख की संख्या पार कर गई है। यह पवित्र यात्रा एक गहराई से समृद्ध करने वाला अनुभव है। बाबा के आशीर्वाद सभी को शांति, शक्ति और संतुष्टि प्रदान करें। हर हर महादेव। पिछले साल बाबा अमरनाथ यात्रा ने 17 दिन में तीन लाख का आंकड़ा पार किया था। पिछले साल की तरह इस बार भी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या औसतन एक जैसी ही चल रही है।
पिछले साल 5.12 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए थे। पिछले साल यात्रा का बारह साल का रिकॉर्ड टूटा था। जिस तरह से श्रद्धालुओं का उत्साह यात्रा को लेकर बना हुआ है। उससे लगता है कि यात्रा पांच लाख तक पहुंच जाएगी। यात्रा के लिए श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड व जिला प्रशासन के अलावा विभिन्न विभागों ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए पर्याप्त प्रबंध किए हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा नियमित तौर पर विभिन्न आधार शिविरों का दौरा कर सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। जब से यात्रा शुरू हुई है, तब से लेकर अब तक बारिश के चलते मात्र एक दिन ही यात्रा स्थगित करनी पड़ी है।