दिल्ली जाने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण फ्लाइट रद्द कर दी गई। इससे रांची एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। यात्री एयरलाइन के कर्मचारियों से उड़ान के समय में बदलाव को लेकर बहस करते देखे गए। एयरपोर्ट के निदेशक आरआर मौर्य ने बताया कि रांची से उड़ान भरने से पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस 1200 विमान की जांच में तकनीकी खराबी का पता चल गया। विमान शाम 6 बजे उड़ान भरने वाला था।
एयरपोर्ट के निदेशक आरआर मौर्य ने कहा कि कुछ यात्रियों को दूसरी उड़ानों में जगह दी गई जबकि कई अन्य के टिकट रद्द कर दिए गए। कुछ यात्रियों के टिकट सोमवार के लिए रीशेड्यूल किए गए हैं। 39 साल के एक यात्री फैज अनवर ने कहा- हम शाम लगभग 5.20 बजे फ्लाइट में सवार हुए। हमने 7 बजे तक उड़ान का इंतजार किया लेकिन तभी बिना कोई कारण बताए हमें उतरने के लिए कह दिया गया।
फैज अनवर ने आगे कहा- मुझे कल दिल्ली में एक जरूरी मिटिंग में शामिल होना है। वे मेरी उड़ान का समय बदलने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कई यात्रियों को दिल्ली से यूके, अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका जाने वाली कनेक्टिंग अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पकड़नी थीं लेकिन उनकी अपील कोई सुनने वाला नहीं था। एयरपोर्ट पर पूरी तरह से कुप्रबंधन और अराजकता की स्थिति है।
विमान झारखंड के चार सांसदों सहित 180 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने वाला था। यह विमान रविवार को शाम पौने पांच बजे दिल्ली से रांची आया था। इसे शाम छह बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरना था। रांची में लैंडिंग के बाद रूटीन जांच में तकनीकी खराबी का पता चला। करीब दो घंटे तक समस्या ठीक नहीं किए जाने के बाद उड़ान रद्द करते हुए विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया।
इस बीच रविवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के दक्षिणी हिस्से की लगभग 30 मीटर की चारदीवारी ढह गई। स्थिति का तुरंत आकलन करते हुए एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फौरी कदम उठाए गए। एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सीआईएसएफ जवानों को तैनात किया गया है। एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्से पर बैरिकेडिंग की गई है। हालांकि एयरपोर्ट के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।