• Mon, Sep 2025

ट्रेनों में भीड़ और बसों की थमी रफ्तार, जरांगे के आंदोलन से ऑफिस जाने वालों को मुश्किल

ट्रेनों में भीड़ और बसों की थमी रफ्तार, जरांगे के आंदोलन से ऑफिस जाने वालों को मुश्किल

कार्यकर्ता मनोज जरांगे के आंदोलन में शामिल होने के लिए हजारों मराठा आजाद मैदान की ओर बढ़े। इसके चलते मुंबई में शुक्रवार को ऑफिस जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में खासकर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक काफी धीमा हो गया। सुबह के व्यस्त समय में सीएसएमटी के आसपास कई बसें काफी देर तक जाम में फंसी रहीं।

बसें मिलने में हुई परेशानी

लाखों कर्मचारी हर सुबह नरीमन पॉइंट, फोर्ट, कालबादेवी और क्रॉफर्ड मार्केट जैसे इलाकों में अपने कार्यस्थलों तक पैदल या बेस्ट बसों या फिर टैक्सियों से पहुंचते हैं। ऐसे में सीएसएमटी जंक्शन पर भारी भीड़ के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई। मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं एक मालगाड़ी के इंजन में खराबी के कारण देरी से चल रही थीं, जिसके कारण उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। कई यात्रियों ने उपनगरीय ट्रेनों में भीड़-भाड़ और बस स्टॉप पर बेस्ट बसों की अनुपलब्धता की शिकायत की।
हर जगह आंदोलनकारी

एक उपनगरीय यात्री ने बताया कि हार्बर लाइन के सभी उपनगरीय स्टेशनों और लोकल ट्रेनों में सामान्य से ज़्यादा भीड़ रही। मराठा आरक्षण आंदोलनकारी वडाला और सीएसएमटी के बीच सभी स्टेशनों पर मौजूद थे। बेस्ट के एक प्रवक्ता ने बताया कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग पर दक्षिण मुंबई जाने वाली सभी बस सेवाएं सेवाएं दादर पर रोक दी गईं। मुंबई यातायात पुलिस ने शुक्रवार की सुबह वाहन चालकों से दक्षिण मुंबई पहुंचने के मुख्य मार्गों में से एक, ईस्टर्न फ्रीवे का उपयोग करने से बचने की अपील की।