संवाद सहयोगी, दनकौर। कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम कंटेनर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आई एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में पंजाब निवासी एंबुलेंस चालक और हेल्पर की मौत हो गई। दोनों पटना में एक मरीज छोड़ कर घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
पंजाब के होशियारपुर जिला अंतर्गत पिपलावाला निवासी रहने कमलदीप प्राइवेट अस्पताल की एंबुलेंस चलाते थे। गांव के ही जितेंद्र परिचालक रहते थे। रविवार को दोनों एंबुलेंस से एक मरीज को छोड़ने पटना गए थे। जहां से लौटते समय सोमवार रात दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित चपरगढ़ अंडरपास के नजदीक पहुंचे थे।
इसी दौरान आगे चल रहे ओवरलोड कंटेनर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे तेज रफ्तार एंबुलेंस पीछे से कंटेनर में टकरा गई। एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से कमलदीप व जितेंद्र केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आरोपित चालक कंटेनर छोड़कर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे के कर्मचारी पहुचे। मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
जितेंद्र के जीजा गुरविंदर ने कंटेनर के अज्ञात चालक की लापरवाही से हादस होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया मामला दर्ज किया है। आरोपित कंटेनर चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।